रांची । मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को स्मार्ट सिटी, रांची स्थित आवास पर आयोजित मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की स्वर्गीय पुत्री तृषा सिंह के द्वादशा कार्यक्रम एवं ब्रह्मभोज में शामिल हुए। मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वर्गीय तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। विधायक कल्पना सोरेन ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। दोनों ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से स्वर्गीय तृषा सिंह की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में राज्य सरकार के अन्य मंत्री, विधायक एवं गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
स्टेडियम से लेकर पार्किंग और यातायात व्यवस्था तक की हुई समीक्षा
रांची । जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रांची में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी20 क्रिकेट मैच को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, मनोज कौशिक ने स्टेडियम एवं आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह सहित जेएससीए के अध्यक्ष, सचिव, अन्य पदाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्टेडियम एवं उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, दर्शकों के प्रवेश और निकास, पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा खिलाड़ियों और टीमों की सुरक्षा का जायजा लिया। इसके अलावा महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
पर्याप्त पुलिस बल की होगी तैनाती
एडीजी सह आईजी ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को मैच के दौरान सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा।
रांची पुलिस के अनुसार मैच के दौरान आम नागरिकों, दर्शकों, खिलाड़ियों और अन्य संबंधित लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों और क्रिकेट दर्शकों से अपील की है कि वे मैच के दौरान पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
लापरवाही बरतने वाले संवेदकों पर कार्रवाई, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से योजनाएं पूर्ण करने का निर्देश
लातेहार। पेयजल एवं स्वच्छता, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेन्द्र प्रसाद की अध्यक्षता में सोमवार को बेतला नेशनल पार्क सभागार में जल जीवन मिशन (JJM) के तहत संचालित जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में लातेहार, गढ़वा, पलामू, गुमला, सिमडेगा एवं लोहरदगा जिलों में संचालित विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं की जिलावार एवं योजनावार विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में संबंधित जिलों के अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति, पूर्ण एवं अपूर्ण योजनाओं, निर्माण कार्य की प्रगति, पेयजलापूर्ति की स्थिति तथा योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी अन्य जानकारी मंत्री के समक्ष रखी।
समीक्षा के दौरान मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने योजनाओं के निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को घर तक नल के माध्यम से सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराते हुए ग्रामीणों को शीघ्र पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कई योजनाओं में संबंधित संवेदकों द्वारा कार्य में लापरवाही, अपेक्षित प्रगति नहीं होने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं किए जाने का मामला सामने आया। इस पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गंभीर लापरवाही बरतने वाले संवेदकों को नियमानुसार ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए। वहीं, जिन मामलों में अनियमितता या लापरवाही की जांच आवश्यक है, वहां जांच कर जांच प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित कार्यपालक अभियंता एवं संवेदक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी एवं स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने, लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा अनावश्यक विलंब की स्थिति में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने पूर्ण हो चुकी योजनाओं से ग्रामीणों को वास्तविक रूप से पेयजल का लाभ मिल रहा है या नहीं, इसका नियमित अनुश्रवण करने को भी कहा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूर्ण कराते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
विभागीय सचिव अबु इमरान ने भी अधिकारियों को ग्रामीणों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए सभी पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव, जलस्रोतों की उपलब्धता, पाइपलाइन एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं की स्थिति तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित पेयजलापूर्ति सहित जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर विभागीय सचिव अबु इमरान, जल जीवन मिशन निदेशक शशि रंजन, उपायुक्त लातेहार संदीप कुमार, उप विकास आयुक्त लातेहार सैय्यद रियाज अहमद सहित सिमडेगा, लोहरदगा, गढ़वा एवं पलामू के उप विकास आयुक्त, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता, संबंधित जिलों के कार्यपालक अभियंता, तकनीकी पदाधिकारी, संवेदक एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
कोलकाता। साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड में सकरीगली और महाराजपुर स्टेशन के बीच गंगा नदी के तटबंध में कटाव के कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर डाउन लाइन पर यात्री एवं मालगाड़ियों का परिचालन निलंबित कर दिया गया है। हालांकि, अप लाइन से ट्रेनों का परिचालन सीमित गति के साथ जारी है।
रेल प्रशासन ने प्रभावित स्थल पर बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया है। युद्धस्तर पर मरम्मत एवं पुनर्बहाली का काम चल रहा है। रेल प्रशासन का प्रयास है कि जल्द से जल्द सामान्य रेल परिचालन बहाल किया जा सके।
6 अक्टूबर से कई ट्रेनें रद्द
तटबंध कटाव के कारण 6 अक्टूबर से कई ट्रेनों को रद्द किया गया है। इनमें मालदा टाउन-साहिबगंज MEMU (63402), आजीमगंज-साहिबगंज MEMU (63421), साहिबगंज-भागलपुर MEMU (63411), हावड़ा-साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस (13427), रामपुरहाट-साहिबगंज MEMU (63405), रामपुरहाट-साहिबगंज MEMU (63073) शामिल हैं।
इसके अलावा टिनपहाड़-राजमहल पैसेंजर (53487, 53485, 53481, 53483), बरहरवा-साहिबगंज पैसेंजर (53411), साहिबगंज-मालदा टाउन MEMU (63401), साहिबगंज-आजीमगंज MEMU (63422), भागलपुर-साहिबगंज MEMU (63412), साहिबगंज-बरहरवा पैसेंजर (53412), साहिबगंज-रामपुरहाट MEMU (63074), साहिबगंज-हावड़ा एक्सप्रेस (13428), जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर (53408), राजमहल-टिनपहाड़ पैसेंजर (53490, 53488, 53484, 53486) तथा साहिबगंज-रामपुरहाट पैसेंजर (53406) को भी रद्द किया गया है।
कई ट्रेनों के मार्ग बदले
दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल (15657), बठिंडा-बालुरघाट फरक्का एक्सप्रेस (15734) और गया-कामाख्या एक्सप्रेस (15619) को जमालपुर-मुंगेर-कटिहार होकर डायवर्ट किया जाएगा।
पटना-मालदा टाउन एक्सप्रेस (13416) जमालपुर-मुंगेर-कटिहार-मालदा टाउन होकर चलेगी।
वहीं भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस (13404) और जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस (13072) को भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट होकर चलाया जाएगा।
गया-हावड़ा एक्सप्रेस (13024) तथा नटेसर-हावड़ा स्पेशल (03030) का मार्ग किऊल-झाझा-आसनसोल होकर परिवर्तित किया गया है।
कुछ ट्रेनें बीच रास्ते समाप्त या शुरू होंगी
आजिमगंज-भागलपुर पैसेंजर (53029) को बरहरवा में शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। किऊल-मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस (13410) साहिबगंज तक ही चलेगी।
बर्द्धमान-साहिबगंज MEMU (63063) टिनपहाड़ तक चलेगी। इसके विपरीत मालदा टाउन-किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस (13409) साहिबगंज से रवाना होगी।
रामपुरहाट-गया पैसेंजर (53403) 7 अक्टूबर को जमालपुर से चलेगी। भागलपुर-आजिमगंज पैसेंजर (53030) भी 7 अक्टूबर को बरहरवा से रवाना होगी। साहिबगंज-बर्द्धमान MEMU (63064) टिनपहाड़ से शुरू होगी।
यात्रियों के लिए विशेष ट्रेनें
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने कुछ पैसेंजर स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। साहिबगंज-भागलपुर पैसेंजर स्पेशल साहिबगंज से सुबह 9:30 बजे और शाम 5 बजे रवाना होगी तथा 6 अक्टूबर को भागलपुर से साहिबगंज लौटेगी।
इसके अलावा भागलपुर-साहिबगंज पैसेंजर स्पेशल रात 10 बजे भागलपुर से रवाना होगी। एक अन्य साहिबगंज-भागलपुर पैसेंजर स्पेशल दोपहर 12:30 बजे साहिबगंज से चलेगी और उसी दिन वापस साहिबगंज लौटेगी।
रांची। एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की झारखंडी खिलाड़ियों ने रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान टीम की कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता की तैयारियों, उनके अनुभव और प्रदर्शन के बारे में जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
हेमंत सोरेन ने कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने में झारखंड की बेटियों का योगदान राज्य और देश के लिए गौरव की बात है। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और अदम्य जज्बे से देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से झारखंड के खेल इतिहास में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता से राज्य की युवा पीढ़ी और विशेषकर बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी इसी उत्साह, लगन और समर्पण के साथ देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
विधायक कल्पना सोरेन ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर हॉकी झारखंड के डीजी विजय शंकर सिंह, इंटरनेशनल रेसलिंग कोच सह सीईओ झारखंड रजनीश कुमार और जनरल सेक्रेटरी मनोज कुमार प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
परिजनों को मिलेगी 5 लाख की आर्थिक सहायता, जिला प्रशासन ने उपलब्ध कराई नि:शुल्क एंबुलेंस
रांची, 3 अक्टूबर। वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची निवासी राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को भारत लाया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश और श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के प्रयासों से पार्थिव शरीर को हनोई से कोलकाता लाया गया, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रांची स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने विदेश मंत्रालय, हनोई स्थित भारतीय दूतावास और वियतनामी अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने की प्रक्रिया पूरी कराई।
राज्य सरकार की ओर से मृतक के आश्रित को मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के तहत 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
राजा कुमार वर्मा रांची के कैलाश नगर के निवासी थे और वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे। वहां सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था। घटना के बाद परिजनों ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने की सहायता मांगी थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नियंत्रण कक्ष ने तत्काल संबंधित एजेंसियों से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराईं। इसके बाद पार्थिव शरीर को हनोई से कोलकाता हवाई अड्डा लाया गया।
कोलकाता हवाई अड्डे पर परिजनों द्वारा आवश्यक दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी किए जाने के बाद रांची जिला प्रशासन ने पार्थिव शरीर को पैतृक आवास तक पहुंचाने के लिए नि:शुल्क एंबुलेंस उपलब्ध कराई।
साहिबगंज-महाराजपुर के बीच डाउन लाइन पर यात्री व मालगाड़ियों का परिचालन बंद, युद्धस्तर पर चल रहा बहाली कार्य
कोलकाता । मालदा मंडल के साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड में सकरीगली और महाराजपुर स्टेशनों के बीच गंगा नदी का तटबंध कट जाने के कारण डाउन लाइन पर यात्री एवं मालगाड़ियों का परिचालन निलंबित कर दिया गया है। हालांकि, इस रेलखंड में अप लाइन से ट्रेनों का परिचालन प्रतिबंधित गति के साथ जारी है।
रेलवे की ओर से प्रभावित स्थल पर बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया गया है। सभी कर्मचारी चौबीसों घंटे युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं, ताकि बहाली कार्य जल्द पूरा कर रेल सेवाओं को सामान्य किया जा सके। स्थिति को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द, परिवर्तित मार्ग से चलाने तथा कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से प्रारंभ अथवा समाप्त करने का निर्णय लिया है।
3 अक्टूबर से रद्द ट्रेन
- 63073 रामपुरहाट-साहिबगंज मेमू
4 अक्टूबर से रद्द ट्रेनें
- 63402 मालदा टाउन-साहिबगंज मेमू
- 63421 आजिमगंज-साहिबगंज मेमू
- 63411 साहिबगंज-भागलपुर मेमू
- 53411 बरहरवा-साहिबगंज पैसेंजर
- 13427 हावड़ा-साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस
- 63405 रामपुरहाट-साहिबगंज मेमू
- 53487 तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर
- 53485 तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर
- 53481 तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर
- 53483 तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर
- 63401 साहिबगंज-मालदा टाउन मेमू
- 63422 साहिबगंज-आजिमगंज मेमू
- 63412 भागलपुर-साहिबगंज मेमू
- 53412 साहिबगंज-बरहरवा पैसेंजर
- 63074 साहिबगंज-रामपुरहाट मेमू
- 13428 साहिबगंज-हावड़ा एक्सप्रेस
- 53408 जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर
- 53490 राजमहल-तीनपहाड़ पैसेंजर
- 53488 राजमहल-तीनपहाड़ पैसेंजर
- 53406 साहिबगंज-रामपुरहाट पैसेंजर
- 53484 राजमहल-तीनपहाड़ पैसेंजर
- 53486 राजमहल-तीनपहाड़ पैसेंजर
कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव
- 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस (3 अक्टूबर से) और 13022 रक्सौल-हावड़ा एक्सप्रेस (4 अक्टूबर से) को मुंगेर-भागलपुर-बांका-जसीडीह के रास्ते चलाया जाएगा।
- 15657 दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल (3 अक्टूबर से) और 15744 भटिंडा-बालुरघाट फरक्का एक्सप्रेस (2 अक्टूबर से) को जमालपुर-मुंगेर-कटिहार के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
- 13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस तथा 03030 नटेसर-हावड़ा स्पेशल (दोनों 4 अक्टूबर से) को किऊल-झाझा-आसनसोल के रास्ते चलाया जाएगा।
- 13404 भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस और 13072 जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस (दोनों 4 अक्टूबर से) को भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट के रास्ते चलाया जाएगा।
कई ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेट व शॉर्ट ओरिजिनेट होंगी
- 53029 आजिमगंज-भागलपुर पैसेंजर (4 अक्टूबर) को बरहरवा में शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा।
- 13410 किऊल-मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस (4 अक्टूबर) को साहिबगंज में शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा।
- 63063 बर्द्धमान-साहिबगंज मेमू (4 अक्टूबर) को तीनपहाड़ में शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा।
- 13409 मालदा टाउन-किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस (4 अक्टूबर) साहिबगंज से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी।
- 53403 रामपुरहाट-गया पैसेंजर (5 अक्टूबर) जमालपुर से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी।
- 53030 भागलपुर-आजिमगंज पैसेंजर (5 अक्टूबर) बरहरवा से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी।
- 63064 साहिबगंज-बर्द्धमान मेमू (4 अक्टूबर) तीनपहाड़ से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष पैसेंजर ट्रेनें
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने कुछ पैसेंजर स्पेशल ट्रेनें चलाने का भी निर्णय लिया है।
- साहिबगंज-भागलपुर की दो पैसेंजर ट्रेनें 4 अक्टूबर को साहिबगंज से क्रमशः सुबह 9:30 बजे और शाम 5 बजे रवाना होंगी और वापस आएंगी।
- भागलपुर-साहिबगंज पैसेंजर स्पेशल रात 10 बजे भागलपुर से रवाना होगी और 4 अक्टूबर को वापस आएगी।
- रामपुरहाट-तीनपहाड़ पैसेंजर स्पेशल रात 8:30 बजे रामपुरहाट से रवाना होगी और बहाली कार्य पूरा होने तक 3 अक्टूबर से परिचालन में रहेगी।
सिल्ली-मुरी। जमीन मापी के एवज में रिश्वत लेने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), रांची की टीम ने गुरुवार को सिल्ली अंचल कार्यालय में पदस्थापित अमीन विनोद लोहरा को 50 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी अमीन को अपने साथ रांची ले गई। वहां उससे पूछताछ की जा रही है।बताया गया कि बड़ा मुरी निवासी विद्याभूषण कोइरी की जमीन मुरी तुंगरी धार पहाड़ के सामने स्थित है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उक्त जमीन वर्ष 1959 में बंदोबस्त हुई थी। वर्ष 2007 तक जमीन की मैनुअल रसीद कटती रही, जबकि वर्ष 2024 तक पंजी-2 में भी शिकायतकर्ता का नाम दर्ज बताया गया है।शिकायतकर्ता का आरोप है कि अंचल कार्यालय की ओर से बिना सूचना दिए बंदोबस्ती को निरस्त कर दिया गया। इसके बाद जमीन की मापी को लेकर अंचल कार्यालय में आवेदन दिया गया। आरोप है कि आवेदन देने के बावजूद करीब दो माह तक मामले में टालमटोल की जाती रही।शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जमीन की मापी के एवज में अमीन द्वारा रिश्वत की मांग की गई।शिकायत में दो लाख रुपये नकद के अलावा चार डिसमिल जमीन देने की कथित मांग का भी उल्लेख किया गया है। इससे परेशान होकर विद्याभूषण कोइरी ने रांची एसीबी से शिकायत की।शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। निर्धारित रकम के साथ शिकायतकर्ता को अमीन के पास भेजा गया। टीम पहले से आसपास निगरानी कर रही थी। जैसे ही अमीन ने कथित रूप से 50 हजार रुपये रिश्वत स्वीकार की, एसीबी टीम ने उसे पकड़ लिया। उसके पास से रिश्वत की रकम बरामद किए जाने की बात कही गई है।अमीन की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही सिल्ली अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। कार्यालय परिसर में काफी देर तक एसीबी की कार्रवाई की चर्चा होती रही। वहीं जमीन संबंधी कार्यों से अंचल कार्यालय पहुंचे लोगों के बीच भी मामले को लेकर चर्चाएं होती रहीं।गिरफ्तारी के बाद एसीबी आरोपी अमीन को रांची ले गई। मामले में पूछताछ और आगे की जांच जारी है। एसीबी की कार्रवाई के बाद अब जमीन मापी से जुड़े पूरे मामले और कथित रिश्वत मांग के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
रांची/सिल्ली। जमीन मापी के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), रांची की टीम ने सिल्ली अंचल कार्यालय में पदस्थापित अमीन विनोद लोहरा को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद सिल्ली अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी अमीन को अपने साथ रांची ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला जमीन की मापी से जुड़ा हुआ है। शिकायतकर्ता अपनी जमीन की मापी कराने के लिए सिल्ली अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहा था। आरोप है कि जमीन की मापी करने के एवज में अमीन विनोद लोहरा ने उससे रिश्वत की मांग की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अमीन ने कथित तौर पर दो लाख रुपये नकद के अलावा चार डिसमिल जमीन देने की भी मांग की थी।
शिकायत के बाद एसीबी ने शुरू की जांच
बताया गया कि कथित रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने कार्रवाई की तैयारी शुरू की।
एसीबी की टीम ने शिकायतकर्ता को निर्धारित रकम के साथ आरोपी अमीन के पास भेजने की योजना बनाई। इसके बाद टीम ने पूरी कार्रवाई के लिए जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की तैयारी की।
50 हजार रुपये की पहली किस्त लेते ही कार्रवाई
योजना के अनुसार शिकायतकर्ता 50 हजार रुपये लेकर आरोपी अमीन के पास पहुंचा। जैसे ही कथित तौर पर विनोद लोहरा ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से निगरानी कर रही एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद की और आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
अचानक हुई एसीबी की कार्रवाई की खबर फैलते ही सिल्ली अंचल कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार्रवाई को लेकर कार्यालय परिसर में काफी देर तक चर्चा होती रही।
पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी अमीन को अपने साथ रांची ले गई। वहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। एसीबी की कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
जमीन संबंधी काम के लिए अंचल कार्यालय पहुंचने वाले लोगों के बीच भी इस कार्रवाई की चर्चा है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों और आरोपी की भूमिका को लेकर अंतिम स्थिति न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
रांची। झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक, सुलभ और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बुधवार को कई नई डिजिटल स्वास्थ्य पहलों की शुरुआत की। रांची के बीएनआर चाणक्य होटल में आयोजित झारखंड डिजिटल हेल्थ कॉन्क्लेव-2026 में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना, 10-बेडेड टेली-आईसीयू, एचआरआईएस पोर्टल और झारखंड ई-हेल्थ पोर्टल का शुभारंभ किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डिजिटल हेल्थ को केवल तकनीकी पहल के रूप में नहीं, बल्कि गरीब, ग्रामीण और वंचित लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के माध्यम के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीक अब मोबाइल की स्क्रीन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों के इलाज में इसका उपयोग दिखाई देगा।
डॉ. अंसारी ने कहा कि टेलीमेडिसिन, टेली-आईसीयू और टेली-रेडियोलॉजी के विस्तार से दूरदराज के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने रोबोटिक सर्जरी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भी राज्य में काम आगे बढ़ाने की बात कही। उनका कहना था कि राज्य में ऐसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम हो।
चार प्रमुख घटकों पर आधारित डिजिटल हेल्थ योजना
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से वर्ष 2025 में शुरू की गई यह योजना मुख्य रूप से कनेक्टिविटी, हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस), सीसीटीवी आधारित मॉनिटरिंग और डिजिटल डैशबोर्ड पर आधारित है।
उन्होंने बताया कि राज्य के स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में हाई-स्पीड कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने तथा जिला एवं अनुमंडल अस्पतालों को वाई-फाई से जोड़ने की दिशा में काम किया गया है। एचएमआईएस के माध्यम से मरीज घर बैठे पंजीकरण, भुगतान और चिकित्सक का अपॉइंटमेंट लेने जैसी सुविधाओं से जुड़ सकेंगे। जांच रिपोर्ट को भी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित की जा रही है।
80 हजार स्वास्थ्यकर्मियों का डिजिटल रिकॉर्ड
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि एचआरआईएस के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की नियुक्ति से सेवानिवृत्ति तक का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इसमें उपस्थिति, अवकाश, सेवा संबंधी विवरण और भुगतान जैसी सूचनाओं की निगरानी में सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 80 हजार सहिया, मेडिकल स्टाफ, नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के बेहतर प्रबंधन के लिए भविष्य में एआई आधारित प्रणाली विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। स्वास्थ्यकर्मियों को कार्य एवं समय प्रबंधन में सहायता देने के लिए एआई असिस्टेंट की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
टेली-आईसीयू और टेली-रेडियोलॉजी से घटेगी दूरी
कॉन्क्लेव में बताया गया कि 10-बेडेड टेली-आईसीयू के माध्यम से दूरदराज के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं से जोड़ने में सहायता मिलेगी। वहीं टेली-रेडियोलॉजी के जरिए दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों से जांच एवं रिपोर्ट विशेषज्ञ चिकित्सकों तक पहुंचाकर समय पर राय और निदान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्य सचिव एवं पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. आर.एस. शर्मा ने राज्य में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विकास की सराहना की। डॉ. सुधीर श्रीवास्तव ने रोबोटिक कार्डियक सर्जरी पर तकनीकी प्रस्तुति दी। इस अवसर पर सहिया पुस्तिका और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से संबंधित पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में डिजिटल हेल्थ से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने पैनल चर्चा की। मौके पर स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारी, विभिन्न जिलों के सिविल सर्जन, चिकित्सक, तकनीकी विशेषज्ञ और निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।