रांची। झारखंड पुलिस द्वारा गुम अथवा खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी तथा उन्हें उनके वास्तविक धारकों को वापस उपलब्ध कराने के उद्देश्य से Central Equipment Identity Register (CEIR) पोर्टल का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। CEIR पोर्टल के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों में गुम अथवा खोए हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर उनके वास्तविक धारकों को वापस उपलब्ध कराने की कार्रवाई लगातार की जा रही है।
प्राप्त निर्देश के आलोक में आज दिनांक 25.09.2026 को राज्य के सभी जिलों में कुल 1,114 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को वापस उपलब्ध कराए गए।
मोबाइल फोन वापस मिलने से आम नागरिकों के चेहरे पर खुशी एवं संतोष की मुस्कान देखने को मिली। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान की भरपाई में सहायता मिली है तथा झारखंड पुलिस के प्रति उनका विश्वास और भरोसा भी और मजबूत हुआ है।
जिला-वार विवरण
क्रमांकजिलामोबाइल फोन
1राँची47
2गुमला31
3लोहरदगा09
4खूँटी28
5सिमडेगा63
6जमशेदपुर22
7चाईबासा26
8सरायकेला103
9पलामू97
10गढ़वा38
11लातेहार20
12बोकारो60
13धनबाद22
14हजारीबाग39
15कोडरमा177
16गिरिडीह105
17चतरा14
18रामगढ़61
19दुमका15
20देवघर09
21जामताड़ा17
22गोड्डा21
23पाकुड़36
24साहेबगंज54
कुल1,114
CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन की बरामदगी एवं उन्हें वास्तविक धारकों को वापस उपलब्ध कराने की पहल से आम नागरिकों को अपने गुम अथवा खोए हुए मोबाइल फोन पुनः प्राप्त करने में काफी सहायता मिल रही है।
झारखंड पुलिस द्वारा इस अभियान को आगे भी प्रभावी रूप से जारी रखते हुए अधिक से अधिक गुम अथवा खोए हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर उनके वास्तविक धारकों को वापस उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
रांची । सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की 40वीं जोनल खान बचाव प्रतियोगिता-2026 का चार दिवसीय आयोजन शुक्रवार को सीसीएल मुख्यालय, रांची स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर के संगम सभागार में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, खान सुरक्षा निदेशालय के उप-महानिदेशक (दक्षिण-पूर्व) डॉ. श्याम सुंदर प्रसाद, उप-महानिदेशक (मध्य) मनीष चंद्र जायसवाल सहित कंपनी के निदेशकगण एवं अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय, सीसीएल, राजेंद्र नगर, रांची के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत के साथ नृत्य और नाटक की प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में निर्णायक की भूमिका निभाने वाले निर्णायकगण तथा अधिकारियों का स्वागत महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) विनोद कुमार ने किया।
मुख्य अतिथि डॉ. श्याम सुंदर प्रसाद ने सीसीएल की खान बचाव टीमों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए बचाव सेवाओं को और प्रभावी एवं आधुनिक बनाने के लिए नई तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने आगामी अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता-2026 के आयोजन को लेकर भी आवश्यक सुझाव दिए।
सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने प्रतिभागियों के समर्पण, मेहनत और टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि खान बचाव कर्मियों का साहस, समर्पण और तत्परता खनन उद्योग की सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है।
बरका-सयाल टीम बनी ओवरऑल चैंपियन
प्रतियोगिता में बरका-सयाल क्षेत्र की टीम ने Overall Champion का खिताब हासिल किया। टीम ने Rescue & Recovery तथा Relay Race में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं आम्रपाली एवं चंद्रगुप्त क्षेत्र की टीम Overall में दूसरे स्थान पर रही। टीम ने Rescue & Recovery में तीसरा, जबकि First Aid Practical और Statutory में दूसरा स्थान हासिल किया।
अरगड़ा क्षेत्र की टीम Overall में तीसरे स्थान पर रही और उसने Online Theory Examination में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
व्यक्तिगत श्रेणी में भी प्रतिभागियों का शानदार प्रदर्शन
व्यक्तिगत श्रेणी में आम्रपाली एवं चंद्रगुप्त टीम के नदीम रहमान आलम को Overall Best Captain तथा अरगड़ा टीम के सच्चिदानंद कुमार को Second Best Captain का पुरस्कार मिला।
इसी तरह कुजू टीम के हितेश झा को Best Member और बरका-सयाल टीम के मनीष कुमार सिंह को Second Best Member के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
चार दिवसीय प्रतियोगिता में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों की खान बचाव टीमों ने तकनीकी एवं व्यावहारिक स्पर्धाओं में अपने कौशल, साहस, त्वरित निर्णय क्षमता, टीम भावना और बचाव कार्यों में दक्षता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता ने खान बचावकर्मियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ आपदा की स्थिति में प्रभावी एवं समन्वित बचाव कार्यों की तैयारियों को भी मजबूत किया।
समापन समारोह में अधीक्षक, खान बचाव केंद्र, रामगढ़ अमरेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, निर्णायकगण, प्रतिभागियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी के साथ सीसीएल की 40वीं जोनल खान बचाव प्रतियोगिता-2026 का सफल समापन हुआ।
मालदा। ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ के तहत के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, मंडल रेल प्रबंधक, मालदा, मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा स्टेशनों एवं रेलवे परिसरों में स्वच्छता तथा यात्री जागरूकता संबंधी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं।
अभियान के तहत स्पोर्ट्स फॉर स्वच्छता से (ports for Swachhata’) के अंतर्गत कालिंद्री भवन, मालदा में बॉक्स क्रिकेट का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से स्वच्छता, फिटनेस और सतत् जीवनशैली का संदेश दिया गया। खेल आयोजन के उपरांत प्रतिभागियों तथा पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन (ENHM) विभाग द्वारा कार्यक्रम उपरांत स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान कचरे का उचित संग्रहण एवं निपटान सुनिश्चित करते हुए जीरो-वेस्ट स्पोर्टिंग इवेंट (Zero-Waste Sporting Event) की अवधारणा को सुदृढ़ किया गया।
मालदा टाउन, मंदार हिल, भागलपुर, जमालपुर, साहिबगंज तथा अन्य स्टेशनों पर यात्री जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने, कचरे के उचित निपटान, चार-बिन कचरा पृथक्करण तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक से परहेज करने के महत्व के बारे में जागरूक किया। जिम्मेदार कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छ रेलवे परिसरों को बढ़ावा देने के लिए यात्रियों के बीच पर्चे भी वितरित किए गए।
अभियान के तहत मालदा टाउन, भागलपुर, जमालपुर और पीरपैंती स्टेशनों पर मशीनीकृत सफाई भी की गई, जिससे स्टेशन परिसरों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई सुनिश्चित की जा सके। मशीनीकृत सफाई गतिविधियों का उद्देश्य स्वच्छता मानकों को बनाए रखना तथा यात्रियों के लिए अधिक स्वच्छ एवं स्वास्थ्यकर वातावरण उपलब्ध कराना रहा।
इन निरंतर जागरूकता एवं स्वच्छता संबंधी पहलों के माध्यम से मालदा मंडल जिम्मेदार कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने, एकल-उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने तथा यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं अधिक स्वास्थ्यकर रेलवे वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।
जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में देर रात एक भीषण सड़क हादसे की दर्दनाक खबर सामने आई जहां राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास हुआ।
खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मरीन ड्राइव के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में एक तेज रफ्तार कार पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई।
हालांकि, दुर्घटना के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी में कार की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है।
गैस कटर से काटकर निकाले गए शव
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे शवों को निकालने में काफी मुश्किल हुई।
इसके बाद गैस कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीएम हेमंत सोरेन ने जताया शोक
हादसे की खबर सामने आने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हादसे में मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी और अन्य लोगों की मौत पर दुख जताया।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी समेत अन्य लोगों के निधन की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है।
उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के सतर्कता विभाग के तत्वावधान में “GeM – नई सुविधाएँ एवं कार्यप्रणाली” विषय पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को Government e-Marketplace (GeM) की नवीनतम सुविधाओं, प्रक्रियाओं एवं कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए खरीद संबंधी कार्यों में दक्षता को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना), श्री अनूप हंजूरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज कुमार, महाप्रबंधक (MM) श्री राज किशोर एवं महाप्रबंधक (HRD) श्री एम.एफ. हक की गरिमामयी उपस्थिति रही।
GeM के निदेशक एवं नोडल अधिकारी, दिल्ली, श्री सूरज शर्मा तथा झारखंड स्थित उनकी टीम द्वारा प्रतिभागियों को GeM पोर्टल की नवीनतम सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। सत्र के दौरान निर्धारित गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करते हुए सर्वोत्तम उपलब्ध मूल्य (L1) पर खरीद प्रक्रिया को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संपादित करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में कुल 74 प्रतिभागियों ने भाग लिया। संवादात्मक एवं सहभागितापूर्ण सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों ने GeM से जुड़े नवीनतम प्रावधानों एवं विकासों को समझा तथा खरीद संबंधी कार्यों में अपनी कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
यह क्षमता निर्माण कार्यक्रम सीसीएल में पारदर्शी, दक्ष एवं प्रभावी खरीद प्रक्रियाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
रामगढ़ स्थित सीसीएल के खान बचाव केंद्र, नईसराय में आयोजित चार दिवसीय 40वीं क्षेत्रीय खान बचाव प्रतियोगिता-2026 के तीसरे दिन विभिन्न बचाव एवं तकनीकी स्पर्धाओं का आयोजन उत्साह, अनुशासन और पेशेवर दक्षता के साथ किया गया। लगातार बारिश के बावजूद प्रतिभागी टीमों के उत्साह एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना में कोई कमी नहीं आई। प्रतिकूल मौसम के बीच भी रेस्क्यू टीमों ने पूरे जोश, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
तीसरे दिन आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी टीमों ने रेस्क्यू एवं रिकवरी, फर्स्ट एड तथा स्टैच्यूटरी टेस्ट सहित विभिन्न व्यावहारिक एवं तकनीकी स्पर्धाओं में भाग लिया। इन स्पर्धाओं के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, टीमवर्क, तकनीकी दक्षता तथा निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुरूप बचाव कार्य करने की क्षमता का परीक्षण किया गया।
विभिन्न स्पर्धाओं के दौरान प्रतिभागियों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्धारित प्रक्रियाओं एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अपनी पेशेवर क्षमता का परिचय दिया। विशेष रूप से रेस्क्यू एवं रिकवरी से जुड़ी गतिविधियों में टीमों के बीच बेहतर समन्वय, तत्परता और तकनीकी कौशल देखने को मिला।
प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए निदेशालय खान सुरक्षा (DGMS) तथा सीसीएल के विशेषज्ञ अधिकारियों को शामिल करते हुए गठित निर्णायक मंडल द्वारा विभिन्न स्पर्धाओं का निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया जा रहा है। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों के प्रदर्शन का निर्धारित मानकों एवं प्रक्रियाओं के आधार पर आकलन किया जा रहा है।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का उद्देश्य भूमिगत खदानों में संभावित दुर्घटनाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान रेस्क्यू टीमों की तत्परता, तकनीकी दक्षता, टीमवर्क, निर्णय क्षमता एवं व्यावसायिक कौशल को परखना तथा उन्हें निरंतर सुदृढ़ करना है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं रेस्क्यू कर्मियों को वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार करने के साथ-साथ सुरक्षा के प्रति जागरूकता और पेशेवर उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता में सीसीएल के 11 क्षेत्रों—बरका-सयाल, बीएंडके, अरगड्डा, कुजू, हजारीबाग, ढोरी, कथारा, मगध-संघमित्रा, एन.के., आम्रपाली-चंद्रगुप्त एवं पिपरवार—के साथ-साथ एनसीएल एवं जेएमएस (चूरी) की टीमें भी पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ भाग ले रही हैं।
लगातार बारिश के बीच प्रतिभागी टीमों ने जिस ऊर्जा, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, वह उनके पेशेवर समर्पण को दर्शाता है। प्रतिकूल मौसम भी रेस्क्यू टीमों के हौसले को प्रभावित नहीं कर सका और उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी दक्षता एवं टीम भावना का प्रभावी प्रदर्शन जारी रखा।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन 24 सितंबर 2026 को विभिन्न गतिविधियों के उपरांत चार दिवसीय प्रतियोगिता का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
मालदा। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल में 16 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा–2026 मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज, दिनांक 21.09.2026 को मंडल रेल प्रबंधक, मालदा के हिंदी दिवस संदेश का विमोचन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित मंदार सभाकक्ष में मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता द्वारा किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने राजभाषा विभाग की ई-पत्रिका ‘बढ़ते कदम’ के हिंदी दिवस विशेषांक का नेट एक्टिवेशन भी किया।
मालदा मंडल राजभाषा विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष हिंदी पखवाड़ा का आयोजन किया जाता है। हिंदी भाषा के महत्व, राजभाषा के रूप में इसके प्रयोग तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
इस अवसर पर हिंदी साहित्य के मूर्धन्य साहित्यकार एवं सुप्रसिद्ध कवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। *कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक, मालदा मनीष कुमार गुप्ता द्वारा रामधारी सिंह ‘दिनकर’ के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात उपस्थित शाखा अधिकारियों ने भी दिनकर जी के तैलचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उनके साहित्यिक योगदान तथा हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति उनके महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विचार प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम के दौरान बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केंद्र, मालदा के अनुदेशक श्री पवन कुमार पोद्दार द्वारा रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की प्रसिद्ध रचना ‘उर्वशी’ पर विश्लेषणात्मक व्याख्यान प्रस्तुत किया गया।
इसी अवसर पर मालदा मंडल की राजभाषा ई-पत्रिका ‘बढ़ते कदम’ के हिंदी दिवस विशेषांक का औपचारिक विमोचन मंडल रेल प्रबंधक, मालदा श्री मनीष कुमार गुप्ता द्वारा किया गया। ई-पत्रिका में हिंदी भाषा, साहित्य एवं राजभाषा से संबंधित रचनाओं एवं सामग्री को स्थान दिया गया है। इस अवसर पर हिंदी में रचनात्मक एवं कार्यालयीन कार्यों को प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया।*
कार्यक्रम के दौरान “सोशल मीडिया और हिंदी : जनसंवाद का नया माध्यम” विषय पर हिंदी संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में सोशल मीडिया के माध्यम से हिंदी के बढ़ते प्रयोग तथा डिजिटल माध्यमों के जरिए जनसंवाद को अधिक प्रभावी बनाने में हिंदी की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। विषय पर वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री प्रवीण कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री कार्तिक सिंह तथा वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) श्री निलेश कुमार गौरव ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में मालदा मंडल के विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से हिंदी के प्रचार-प्रसार, साहित्यिक अभिरुचि तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
मालदा मंडल द्वारा राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के लिए राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मालदा । पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन (ERWWO), मालदा द्वारा शिशु बिहार इंग्लिश अकादमी, मालदा में स्कूली विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और कलात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन ERWWO/मालदा की अध्यक्ष मनीषा गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को उनकी आयु के आधार पर समूह-I, समूह-II एवं समूह-III में विभाजित किया गया, ताकि विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उपयुक्त मंच मिल सके।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक सोच को कागज पर रंगों के माध्यम से उकेरा। बच्चों ने विभिन्न विषयों एवं कल्पनाओं को आकर्षक रंगों और चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता स्थल पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चे पूरे मनोयोग से चित्र बनाने में जुटे रहे और अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर ERWWO/मालदा की अध्यक्ष मनीषा गुप्ता के साथ ERWWO की अन्य सदस्याएं भी उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनकी रचनात्मक गतिविधियों में रुचि दिखाई। ERWWO की सदस्याओं ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कला एवं रचनात्मक गतिविधियों के महत्व पर भी जोर दिया।
आगे मनीषा गुप्ता ने विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण सहभागिता और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बच्चों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के भीतर छिपी रचनात्मक क्षमता को सामने लाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता के समापन के बाद मनीषा गुप्ता एवं ERWWO की अन्य सदस्याओं द्वारा प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को खाद्य पैकेट एवं उपहार प्रदान किए गए। उपहार प्राप्त कर बच्चों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए ERWWO के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के वातावरण में बच्चों की रचनात्मक ऊर्जा और उत्साह साफ दिखाई दिया। विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपनी कला के माध्यम से अपनी भावनाओं एवं कल्पनाओं को अभिव्यक्त किया।
ERWWO, मालदा द्वारा आयोजित इस पहल ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें कला एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का कार्य किया। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण एवं खुशनुमा वातावरण में हुआ। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया और कार्यक्रम का आनंद उठाया। ERWWO/मालदा की इस पहल की उपस्थिति लोगों ने सराहना की तथा विद्यार्थियों के बीच कला एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देने के प्रयास को महत्वपूर्ण बताया।
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के अरगड़ा क्षेत्र द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत स्थानीय समुदाय के लिए विभिन्न विकासात्मक एवं जनोपयोगी परियोजनाओं की शुरुआत की गई। इस क्रम में हेसलोंग में सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास तथा विभिन्न स्थानों पर ओपन जिम सुविधाओं का उद्घाटन किया गया।
मुख्य बिंदु :
-हेसलोंग में सामुदायिक भवन का शिलान्यास- हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद श्री मनीष जायसवाल एवं मांडू विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो ने संयुक्त रूप से सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।
-ओपन जिम सुविधाओं का लोकार्पण, स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य एवं फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गिद्दी ‘सी’, गिद्दी ‘ए’ तथा महाप्रबंधक कार्यालय के समीप स्थित सामुदायिक पार्क में ओपन जिम सुविधाओं का उद्घाटन किया गया।
सीसीएल अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर सीसीएल अरगड़ा क्षेत्र के महाप्रबंधक श्री सत्यजीत कुमार, स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन) श्री राजीव कुमार, स्टाफ अधिकारी (असैनिक) श्री नासिर तौहीद सहित सीसीएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इन परियोजनाओं के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं, ओपन जिम के माध्यम से क्षेत्रवासियों को नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
सीसीएल अरगड़ा क्षेत्र की ये पहल स्थानीय समुदाय के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और स्वस्थ एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सीसीएल अपने परिचालन क्षेत्रों में विकास के साथ-साथ समुदाय के समग्र कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कोलकाता। गुरुवार को गीतिका पाण्डेय, महाप्रबंधक, पूर्व रेलवे ने हावड़ा स्टेशन पर आयोजित एक कार्यक्रम में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरणीय स्थिरता तथा जनभागीदारी के प्रति पूर्व रेलवे की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान सुश्री पाण्डेय ने सफाई मित्रों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट वितरित किए। इस पहल के माध्यम से रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वच्छता कर्मियों की व्यावसायिक सुरक्षा, गरिमा एवं कल्याण के महत्व को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में शीलेन्द्र प्रताप सिंह, अपर महाप्रबंधक, पूर्व रेलवे; परमानंद शर्मा, प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर; अन्य प्रधान विभागाध्यक्ष; हावड़ा मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक तथा विभिन्न विभागों और मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
भारतीय रेल द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत” है, जो स्वच्छ एवं विकसित भारत के निर्माण में सामूहिक भागीदारी और साझा जिम्मेदारी पर बल देती है।
अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों का रूपांतरण तथा अधिक आवागमन वाले सार्वजनिक स्थलों की सफाई; ‘स्वच्छ पाठशाला – युवा फॉर स्वच्छता’ के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं की भागीदारी; ‘सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविरों’ के माध्यम से स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण संबंधी पहल; व्यापक जनभागीदारी; चार-तरफा स्रोत पृथक्करण एवं जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देना; तथा ‘वेस्ट-टू-वेल्थ’ और अन्य सर्कुलर इकोनॉमी पहलों को प्रोत्साहित करना शामिल है।
सफाई मित्रों एवं स्वच्छता कर्मियों के लिए निवारक स्वास्थ्य जांच, पात्र कर्मियों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, पीपीई एवं सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, उनके योगदान को सम्मानित करने तथा पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
हावड़ा स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान ई-कचरा प्रबंधन विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसका उद्देश्य यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों तथा अन्य हितधारकों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के अनुचित निपटान से पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव के प्रति जागरूक करना था। नाटक के माध्यम से ई-कचरे के पृथक्करण, जिम्मेदार संग्रहण तथा पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इसके वैज्ञानिक निपटान के महत्व को रेखांकित किया गया।
पूर्व रेलवे में विभिन्न समन्वित अभियानों के माध्यम से स्वच्छता संबंधी गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का आयोजन 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर, 2026 तक, जबकि विशेष अभियान 6.0 का आयोजन 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक किया जाएगा। इन अभियानों के दौरान निरंतर स्वच्छता एवं सैनिटेशन, अपशिष्ट प्रबंधन, रेलवे परिसरों में सुधार, ई-कचरे के प्रभावी संग्रहण, पृथक्करण एवं निपटान तथा स्वच्छता संबंधी कार्यप्रणालियों को संस्थागत रूप देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुश्री गीतिका पाण्डेय, महाप्रबंधक, पूर्व रेलवे ने रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों एवं सभी हितधारकों से स्वेच्छा से स्वच्छता अभियान में भाग लेने और ‘स्वच्छता’ को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान या निर्धारित अवधि तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे निरंतर सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों एवं यात्रियों से स्टेशनों, ट्रेनों तथा अन्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार को सक्रिय रूप से अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एक स्वच्छ रेलवे पारिस्थितिकी तंत्र एक हरित, स्वस्थ और सतत भविष्य के निर्माण में योगदान देगा।
यह उल्लेखनीय है कि राष्ट्रव्यापी स्वच्छता आंदोलन का आह्वान 15 अगस्त, 2014 को लाल किले की प्राचीर से किया गया था, जिसके पश्चात 2 अक्टूबर, 2014 को स्वच्छ भारत मिशन का शुभारंभ हुआ। तब से स्वच्छता संबंधी पहलों में जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी पर लगातार अधिक जोर दिया गया है।
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि ने कहा, “स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि साझा और निरंतर जिम्मेदारी है। पूर्व रेलवे रेलवे कर्मचारियों, सफाई मित्रों, यात्रियों और अन्य हितधारकों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार रेलवे परिसरों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। हम सभी से अपील करते हैं कि स्वच्छता बनाए रखने, उचित अपशिष्ट पृथक्करण का पालन करने और पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाकर इस सामूहिक प्रयास में सहयोग करें। प्रत्येक जिम्मेदार कदम एक स्वच्छ रेलवे और अधिक सतत भविष्य की दिशा में योगदान देता है।”