साहिबगंज / शुक्रवार को जिले के बोरियो अंचल क्षेत्र के बोरियो बाजार मौजा के हाट पाड़ा में जमाबंदी संख्या 412 व दाग संख्या 678 में अवैध अतिक्रमण को लेकर 24 लोगों के विरुद्ध दुकानों को खाली करने का आदेश अंचलाधिकारी ने दिया है। उपायुक्त के आदेश पर यह कारवाई की गई है। अधिकारिक जानकारी के अनुसार जिस दाग संख्या में अतिक्रमण किया गया है, वो सरकारी की जमीन है, अब वहां सरकार बाजार या मंडी के लिए शेड निर्माण कार्य करवाने की योजना बनाई है। शेड निर्माण के बाद डाक बोली के माध्यम से पूरे हाट क्षेत्र का लेसी किया जाएगा, ताकि सरकारी राजस्व में वृद्धि हो सके। बता दें कि राज्य सरकार के सचिवालय से जारी पत्र के अनुसार 82,63,400 रूपए की प्राक्कलित राशि से राज्यभर के बाजार या हाट क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर शेड निर्माण कराए जाने का योजना है। इसी योजना के कारण बोरियो हाट पाड़ा में अतिक्रमण किए दुकानदारों के विरुद्ध नोटिस जारी किया गया है। यहां बता दें कि बोरियो हाट पाड़ा में कुछ वर्षों पहले भी कृषि विभाग द्वारा बाजार समिति बनाकर राजस्व वसूली किया जाता था। लेकिन उसके बाद यह समिति शिथिल हो गई जिस कारण राजस्व की वसूली नहीं हो रही थी। अब सरकार इस जमीन को दोबारा से राजस्व लाभ व आम लोगों के लिए उपयोग करना चाह रही है। शेड निर्माण को लेकर मछुवारा समाज के कुछ सदस्यों ने भी बोरियो बीडीओ नागेश्वर साव को लिखित आवेदन देकर नए सिरे से शेड निर्माण का मांग किया था, जिसके बाद बोरियो बीडीओ ने सम्बन्धित विभाग को यह आवेदन कारवाई हेतु अग्रसरित कर दिया था। जिसके कुछ दिनों बाद भवन निर्माण विभाग के इंजिनियर भी शेड निर्माण कार्य हेतु सर्वेक्षण के लिए पहुंचे थे। झामुमो के युवा कार्यकर्त्ता मो एजाज ने भी ब्रिटिश कालीन जर्जर शेड को तोड़कर नए शेड के निर्माण को लेकर पत्र लिखा गया था।