सिल्ली: सिल्ली की होनहार तीरंदाज सुरभि पाल ने राजस्थान के जयपुर स्थित जगतपुरा शूटिंग रेंज में आयोजित प्रथम एनटीपीसी नेशनल रैंकिंग आर्चरी टूर्नामेंट-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर झारखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे सिल्ली क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
24 से 27 जुलाई तक आयोजित प्रतियोगिता के रैंकिंग राउंड में सुरभि ने 649 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके बाद एलिमिनेशन मुकाबले में उन्होंने महाराष्ट्र की मृणाल महेंद्र कदम को 6-0 से पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया।बिरसा मुंडा आर्चरी अकादमी की इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी की सफलता पर अकादमी के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो तथा अकादमी की अध्यक्ष नेहा महतो ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।सुदेश महतो ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।नेहा महतो ने कहा कि सुरभि पाल की उपलब्धि अकादमी के सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में अकादमी के खिलाड़ी देश और राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन करेंगे।सुरभि पाल की इस सफलता पर अकादमी के प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य की प्रतियोगिताओं में स्वर्णिम सफलता की कामना की।