बुंडू। बुंडू नगर में ठंड से बचने के लिए आग तापना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। बजरंग दल के सामुदायिक भवन परिसर में आग तापने के दौरान झुलसकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अस्पताल टोली, बुंडू निवासी गोपाल खंडित (30 वर्ष) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात ठंड अधिक होने के कारण गोपाल सामुदायिक भवन के पीछे आग जलाकर ताप रहा था। इसी दौरान अचानक उसके कपड़ों में आग लग गई। घटना के समय वह वहां अकेला था, जिसके कारण उसे समय पर सहायता नहीं मिल सकी। आग की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गुरुवार की सुबह स्थानीय लोगों ने सामुदायिक भवन परिसर के पीछे युवक का शव देखा। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना बुंडू थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोनाहातू (रांची)। सोनाहातू बाजार में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी कर दुकानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। फूड सेफ्टी ऑफिसर मनोज कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम की कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया। जांच की खबर मिलते ही कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से चले गए।
डीसी और एसडीओ के निर्देश पर हुई कार्रवाई
फूड सेफ्टी ऑफिसर मनोज कुमार ने बताया कि रांची डीसी और बुंडू एसडीओ के निर्देश पर यह जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने बाजार की करीब 10 दुकानों का निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों के रखरखाव, साफ-सफाई तथा स्वच्छता व्यवस्था की जांच की।
कई दुकानों में मिली गंदगी
जांच के दौरान कई दुकानों में साफ-सफाई की कमी पाई गई। खाद्य पदार्थों को अस्वच्छ तरीके से रखा गया था। इस पर अधिकारी ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि खाद्य पदार्थों के रखरखाव में लापरवाही और गंदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दो दुकानदारों का चालान, तीन को नोटिस
अभियान के दौरान नियमों में अनियमितता पाए जाने पर दो दुकानदारों का चालान काटा गया, जबकि तीन दुकानदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। अधिकारी ने दुकान बंद कर भागने वाले दुकानदारों को भी चेतावनी दी कि जांच से बचने के बजाय वे अपनी दुकानों में साफ-सफाई सुनिश्चित करें।
दुकानदारों को फूड लाइसेंस लेने का निर्देश
मनोज कुमार ने सभी दुकानदारों को स्वच्छ पानी का इस्तेमाल करने, खाद्य सामग्री को साफ-सुथरे तरीके से रखने और अनिवार्य खाद्य सुरक्षा लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों बाद बाजार में दोबारा जांच अभियान चलाया जाएगा। उस दौरान नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ग्राहकों से भी सतर्क रहने की अपील
फूड सेफ्टी ऑफिसर ने ग्राहकों से पैकेटबंद खाद्य सामग्री खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामान खरीदते समय मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट जरूर जांचें। बिना तारीख वाले और खुले में रखे खाद्य पदार्थों की खरीदारी से बचें। उन्होंने दुकानदारों से भी शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने और जल्द से जल्द फूड लाइसेंस बनवाने की अपील की।
गोड्डा । मंगलवार को गोड्डा-भागलपुर मुख्य मार्ग पर बांका जिले के पंजवारा स्थित चीर नदी पुल पर मंगलवार की अहले सुबह गोड्डा से भागलपुर जा रही श्री हरि यात्री बस में अचानक आग लग गई। आग लगने की घटना से बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस गोड्डा से यात्रियों को लेकर भागलपुर जा रही थी। इसी दौरान पंजवारा के चीर नदी पुल के समीप शॉर्ट सर्किट के कारण बस में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख चालक और यात्रियों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सभी यात्रियों को बस से नीचे उतारा गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना पर दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि बस के कई हिस्से जलकर राख हो गए।समय रहते यात्रियों के बाहर निकल जाने से जान-माल का बड़ा नुकसान होने से बच गया। घटना के बाद कुछ देर तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
दो घायलों की हालत गंभीर, बेहतर इलाज के लिए धनबाद पीएमसीएच रेफर
जामताड़ा। गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे पर मंगलवार को मोहनपुर मोड़ के समीप तेज रफ्तार ट्रक और यात्री बस के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में चांदनी यात्री बस में सवार आठ यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), नारायणपुर पहुंचाया।
धनबाद से दुमका जा रही थी बस, विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से हुई भिड़ंत
मिली जानकारी के अनुसार, चांदनी यात्री बस धनबाद से 50 से अधिक यात्रियों को लेकर दुमका की ओर जा रही थी। इसी दौरान मोहनपुर मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जाता है कि ट्रक जामताड़ा से नारायणपुर की ओर जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सात घायलों की हुई पहचान, दो की हालत गंभीर
दुर्घटना में घायल यात्रियों की पहचान बिनोद दास (65), करोना देवी (56), दिवाकर भंडारी (66), बंशीका कुमारी (3), अंकुश कुमार (37), मुमताज अंसारी (18) एवं मरियम मुर्मू (30) के रूप में हुई है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप वाहन के जरिए सीएचसी नारायणपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. अर्नब स्वरूप की देखरेख में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया।
चिकित्सक ने बताया कि घायलों में दो की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। वहीं, अन्य घायलों का उपचार नारायणपुर में ही किया गया।
पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच
इधर, सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस दोनों वाहनों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हादसे के कारण गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे पर कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे पर वाहनों की आवाजाही को सामान्य कराने में सहयोग किया।
सीसीएल के सतर्कता जागरूकता महोत्सव में कला, संस्कृति और रचनात्मकता का अनूठा संगम; 500 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, चार हजार से अधिक लोगों की रही मौजूदगी
रांची। कहीं कैनवास पर कूची की हर चाल ईमानदारी की कहानी बयां कर रही थी, तो कहीं जमीन पर बिखरे रंग सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता का संदेश दे रहे थे। कहीं रंगोली में नैतिकता के रंग सजे थे, तो कहीं चेहरों पर उकेरी गई कलाकृतियां जागरूकता का नया रूप पेश कर रही थीं। रंगों, कल्पनाओं और रचनात्मकता से सजा यह नजारा देखने वालों को ठहरने और कला के हर रंग में छिपे संदेश को समझने के लिए मजबूर कर रहा था।
यह खूबसूरत नजारा था सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, दरभंगा हाउस, रांची में आयोजित दो दिवसीय सतर्कता जागरूकता महोत्सव-2026 का। ‘Probity for Prosperity – सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की थीम पर आयोजित इस महोत्सव में सतर्कता का संदेश केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कला, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए लोगों तक पहुंचा।
लाइव पेंटिंग में रंगों से जीवंत हुई कल्पनाएं
लाइव पेंटिंग वर्कशॉप में कला और रचनात्मकता का अनूठा संसार देखने को मिला। सीसीएल के महाप्रबंधक (सीसी एवं पीआर) आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि कंपनी ने 35 से अधिक नामचीन कलाकारों को आमंत्रित किया था। इनमें कोलकाता, मुर्शिदाबाद, जमशेदपुर और धनबाद के 10 कलाकार भी शामिल थे। कलाकारों ने अपनी कल्पनाओं और भावनाओं को रंगों एवं कूची के माध्यम से कैनवास पर जीवंत कर दिया। किसी की कलाकृति विचारों की गंभीरता को दर्शा रही थी, तो किसी की पेंटिंग रंगों के खूबसूरत संयोजन से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही थी।
जब सड़क बनी कैनवास, रंगों ने बयां की अपनी कहानी
स्ट्रीट पेंटिंग का नजारा भी बेहद आकर्षक रहा। एक ओर कलाकार सड़क पर ब्रश से रंगों की दुनिया रचने में जुटे थे, तो दूसरी ओर वहां से गुजरने वाले लोग अपनी रफ्तार धीमी कर इस रचनात्मकता को निहार रहे थे। जमीन पर उभरती आकृतियां और रंगों से आकार लेती तस्वीरें हर किसी को आकर्षित कर रही थीं। कलाकारों की शैली भले ही अलग-अलग थी, लेकिन उनकी कलाकृतियों का संदेश एक ही था—सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता।
रंगोली में सजे नैतिकता और ईमानदारी के रंग
रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाओं को खूबसूरत आकार दिया। कहीं आकर्षक डिजाइन नजर आए, तो कहीं रंगों के संयोजन से सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों के उत्साह और रचनात्मकता ने इस प्रतियोगिता को खास बना दिया।
फेस पेंटिंग में चेहरे बने जागरूकता के कैनवास
फेस पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने चेहरों को ही अपनी कला का कैनवास बना दिया। ब्रश की बारीक चाल और रंगों के अनूठे संयोजन से तैयार आकृतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। यहां रंग केवल चेहरे की खूबसूरती नहीं बढ़ा रहे थे, बल्कि रचनात्मकता के जरिए जागरूकता का संदेश भी दे रहे थे।
पॉट पेंटिंग में साधारण गमलों को मिला कलात्मक रूप
पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में साधारण गमले कलाकारों की कल्पनाशीलता से खूबसूरत कलाकृतियों में बदलते नजर आए। किसी ने आकर्षक रंगों और डिजाइन से गमलों को सजाया, तो किसी ने अपनी कलाकृति के माध्यम से नैतिक मूल्यों और जागरूकता का संदेश देने का प्रयास किया।
सुरों की महफिल में सोलो सॉन्ग ने बांधा समां
महोत्सव में जहां रंग और कूची अपना जादू बिखेर रहे थे, वहीं सोलो सॉन्ग प्रतियोगिता में सुरों की महफिल भी सजी। प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा से माहौल को संगीतमय बना दिया। हर प्रस्तुति में आत्मविश्वास और उत्साह की झलक देखने को मिली। दर्शकों ने भी गीत-संगीत का भरपूर आनंद उठाया।
निर्णायकों की कसौटी पर परखी गईं कलाकृतियां
प्रतियोगिताओं में निर्णायकों की भूमिका भी अहम रही। उन्होंने प्रत्येक कलाकृति को बारीकी से परखा। कहीं रंगों के तालमेल और कलात्मकता पर ध्यान दिया गया, तो कहीं विषय की प्रस्तुति, कल्पनाशीलता और संदेश की स्पष्टता को मूल्यांकन का आधार बनाया गया।
सीसीएल ने उपलब्ध कराई सामग्री, प्रतिभागियों को मिला खुलकर हुनर दिखाने का मौका
आयोजन की एक खास बात यह रही कि प्रतिभागियों को उनकी रचनात्मकता प्रदर्शित करने के लिए आवश्यक सामग्री सीसीएल की ओर से उपलब्ध कराई गई। इससे विद्यार्थियों और कलाकारों को बिना किसी बाधा के अपनी कल्पनाओं को आकार देने और कला के माध्यम से सामाजिक संदेश देने का अवसर मिला।
रांची के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से आए 500 से अधिक प्रतिभागियों ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। स्ट्रीट पेंटिंग, रंगोली, पॉट पेंटिंग, फेस पेंटिंग और एकल गायन जैसी गतिविधियों में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
चार हजार से अधिक लोगों की मौजूदगी ने बढ़ाई महोत्सव की रौनक
महोत्सव में रांची के विभिन्न विद्यालयों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और शहर के अन्य हिस्सों से आए चार हजार से अधिक विद्यार्थियों एवं लोगों की मौजूदगी ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी। कोई कलाकृतियों को निहार रहा था, तो कोई कलाकारों से उनकी कला और कल्पनाओं के बारे में बातचीत कर रहा था। वहीं, कई लोग अपने दोस्तों और सहपाठियों के साथ इस अनूठे आयोजन का आनंद लेते नजर आए।
नारी शक्ति वंदन में महिला कर्मियों का सम्मान
महोत्सव के पहले दिन की शाम ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम के नाम रही। इस अवसर पर सीसीएल की महिला कर्मियों को उनके समर्पण, योगदान, कार्यक्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि मंडल की अन्य सदस्याएं विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। महिला कर्मियों का सम्मान कर सीसीएल ने महिला सशक्तीकरण और कार्यस्थल पर महिलाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
कुल मिलाकर, सीसीएल का यह सतर्कता जागरूकता महोत्सव कला, संस्कृति, संगीत और सामाजिक चेतना का ऐसा संगम बना, जहां हर रंग और हर प्रस्तुति ने एक ही संदेश दिया—सत्यनिष्ठा केवल एक आदर्श नहीं, बल्कि समृद्ध और पारदर्शी समाज की मजबूत नींव है।
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के जन आरोग्य केंद्र, गांधीनगर द्वारा दिनांक 23 नवंबर, 2026 को रांची में दो स्थानों पर निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। पहला शिविर पिस्का नगरी स्थित आदर्श वृद्धा आश्रम में आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 70 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
वहीं, दूसरा शिविर सीसीएल की गांधीनगर कॉलोनी स्थित जन आरोग्य केंद्र में आयोजित किया गया, जिसमें 84 संविदा कर्मचारियों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें विशेष रूप से महिला संविदा कर्मचारियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं आवश्यकतानुसार दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
दोनों शिविरों में कुल 154 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर एवं हाइपरटेंशन सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की निःशुल्क जांच की गई। साथ ही, चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श देने के साथ सभी लाभार्थियों को निःशुल्क दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई गईं।
इन स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य बुजुर्गों एवं संविदा कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा समय पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान और उपचार सुनिश्चित करना था।
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. भरत सिंह, सीएमओ एवं इंचार्ज, गांधीनगर, डॉ. प्रीति तिग्गा, सीएमओ एवं सीएसआर इंचार्ज, डॉ. अनिता होरो, डॉ. दीपक, डॉ. प्रियंका, डॉ. स्वाति, डॉ. प्रीति कुमारी, डॉ. ललिथा प्रिया, डॉ. रत्नेश सिंह, डॉ. रवि रोशन, डॉ. शिल्पी झा, डॉ. उमा, मुन्ना कुमार सिंह, श्रुति जायसवाल, राजेंद्र कच्छप एवं सभी पारा मेडिकल स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
कोलकाता। रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पूर्व रेलवे ने महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय के गतिशील नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सुरक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। सुरक्षा के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति को आगे बढ़ाते हुए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने 21 नवंबर, 2026 को एक गैर-इंटरलॉक्ड समपार को सफलतापूर्वक समाप्त कर दिया।
मनीष कुमार गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक, मालदा मंडल की निकट निगरानी में तिनपहाड़ जंक्शन–राजमहल रेलखंड पर स्थित समपार संख्या 48 को सीमित ऊँचाई वाले सबवे का निर्माण कर स्थायी रूप से बंद कर दिया गया। इस गैर-इंटरलॉक्ड समपार के समाप्त होने से संभावित दुर्घटनाओं का एक बड़ा जोखिम दूर हुआ है, जिससे रेल परिचालन के साथ-साथ सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी काफी बढ़ गई है। यात्रियों के लिए इस इंजीनियरिंग कार्य से यात्रा अधिक सुरक्षित एवं आरामदायक होगी। इससे समपारों पर होने वाली दुर्घटनाओं का जोखिम समाप्त होगा, समपारों के निकट ट्रेनों को अचानक रोकने अथवा विलंबित होने की स्थिति से बचा जा सकेगा तथा ट्रेनों का परिचालन सुचारु एवं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित होगा। यह उपलब्धि उपयुक्त इंजीनियरिंग उपायों के माध्यम से अपने नेटवर्क में समपारों को समाप्त करने के प्रति पूर्व रेलवे की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
गैर-इंटरलॉक्ड समपार संख्या 48 को स्थायी रूप से बंद करना यात्रियों के लिए अधिक सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक रेल यात्रा सुनिश्चित करने के साथ-साथ सड़क यात्रियों के निर्बाध आवागमन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
साहिबगंज। साहिबगंज में साहित्य की दुनिया का पांचवा साहित्य समागम 9 और 10 जनवरी को उत्सव वेक्वट हॉल में आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए मंच के महासचिव सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि पांचवा साहित्य समागम के आयोजन को लेकर गुरुवार को मंच के संरक्षक कल्याण श्रीवास्तव के आवास पर बैठक आयोजित की गई। मंच के अध्यक्ष गोपाल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पांचवा साहित्य समागम भी साहिबगंज में आयोजित किया जाए इसके लिए 9 एवं 10 जनवरी 27 की तिथि तय की गई। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को व्यापक और भव्य बनाने को लेकर विस्तृत विचार विमर्श किया। महासचिव ने बताया की इस बार के कार्यक्रम में देश भर से 60 से अधिक रचनाकार भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि पांचवा साहित्य समागम में मंच के ऑनलाइन विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया जाएगा। जिसमे प्रेमचंद सम्मान, दिनकर सम्मान, विद्यापति सम्मान सहित साहित्य श्री और कर्मवीर सम्मान से साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में मंच के संरक्षक कल्याण श्रीवास्तव, डा रानी झा के अलावा अभय कुमार, प्रतुल तिवारी, गोपाल चोखानी, भगवती रंजन पाण्डेय, सोनेलाल गुप्ता, रीमा सिंह के अलावा ऑनलाइन मध्यम से मुख्य संरक्षक प्रणय कुमार रांची से प्रवीण पाण्डेय लखनऊ से, अभय पाण्डेय नागपुर से, बिंदु श्रीवास्तव सिमडेगा से, ज्योति सिन्हा हाजीपुर से तथा संगीता गुप्ता, माधुरी सिंह पटना से शामिल हुई।
कांटरगंज स्थित चित्रगुप्त मंदिर में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई गई चित्रगुप्त पूजा, समाज की एकता और भाईचारे का दिया संदेश
साहिबगंज (झारखंड)। भगवान चित्रगुप्त पूजा के पावन अवसर पर साहिबगंज के कायस्थ परिवार की ओर से कांटरगंज स्थित मंदिर में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान कायस्थ समाज के लोगों ने पूरे श्रद्धाभाव से भगवान चित्रगुप्त की आराधना कर परिवार, समाज एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
पूजा के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार कलम, दवात एवं बही-खाते की पूजा की गई। धार्मिक मान्यता है कि भगवान चित्रगुप्त मनुष्यों के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं। कायस्थ समाज में उनकी पूजा का विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है।
इस अवसर पर प्रोफेसर सुरेश्वर प्रसाद संरक्षक, कल्याण प्रसाद श्रीवास्तव अध्यक्ष, कुमार चंदन सचिव तथा राजीव निरंजन सिन्हा कोषाध्यक्ष के रूप में संगठन से जुड़े रहे।
वहीं आलोक कुमार वर्मा, बबलू श्रीवास्तव, प्रमोद निरंजन, पंकज वर्मा, प्रदीप वर्मा, रमन कुमार वर्मा, अशोक श्रीवास्तव, विनय वर्मा, गोपाल श्रीवास्तव, प्रखर श्रीवास्तव एवं कुमार वातायन सहित कायस्थ परिवार के अन्य सदस्यों की सहभागिता रही।
इस अवसर पर समाज के लोगों ने आपसी एकता, भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने पर जोर दिया। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ने तथा समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का संकल्प लिया।
कायस्थ परिवार के सदस्यों ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का काम करते हैं। भगवान चित्रगुप्त का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और समाज निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े, यही सभी की कामना है।
साहिबगंज। जिले के सहकारिता पदाधिकारी और नगर अध्यक्ष की उपस्थिति में साहिबगंज सहकारिता विभाग के जिला गोदाम जो की फाटक के पास है वहां पर साहिबगंज प्रखंड के किसानों के लिए गेहूं का बीज के वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था इस कार्यक्रम में सहकारिता पदाधिकारी महादेव मुर्मू और नगर अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया सहकारिता पदाधिकारी से जब संवाददाता ने जानकारी ली तो उन्होंने कहा कि साहिबगंज जिले के 32 केदो पर गेहूं मसूर चना मटर सरसों के बीज का वितरण किया जा रहा है इसी क्रम में आज से साहिबगंज प्रखंड के किसानों को गेहूं के बीज का वितरण शुरू किया जाएगा एक बोरी में 40 किलोग्राम बीज मौजूद रहता है उसे 750 रुपया और सहायता शुल्क ₹50 के साथ किस को ₹800 में दिया जा रहा है साथ ही सहकारिता पदाधिकारी ने कहा कि साहिबगंज जिले में खरीफ फसल को देखते हुए गेहूं के बीजों का जल्द से जल्द वितरण सुनिश्चित कर लिया जाएगा और जितने भी किसान भाई हैं उनको सरकार द्वारा निश्चित दर पर गेहूं का बीज उपलब्ध कराया जाएगा इसके बाद चना मटर मसूर और सरसों का बीज भी उपलब्ध कराया जाएगा वही नगर अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने कहा कि किशन भगवान होते हैं वह अगर उपज नहीं करेंगे तो हम खाएंगे क्या, गेहूं वितरण के कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष श्री शिवदयाल मुंडा नगर अध्यक्ष श्री रामनाथ पासवान जिला सहकारिता पदाधिकारी महादेव मुर्मू सचिव प्रबंधक बलराम भगत सहित सहकारिता विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद थे! जब उपस्थित किसानों से इस संबंध में जानकारी दी गई तो किसानों ने कहा कि चाहे जमीन कितना भी एकड़ हो मिलता है तो एक दो बोरा ही संवाददाता ने जब एक किस से बात की तो उन्होंने कहा कि बीज अगर एक तरह का होता है तो फसल एक जैसा होता है अगर दो तरह का बीज लग जाए तो फसल भी दो तरह का होता है मौजूदा किसान ने कहा कि अगर एक एकड़ में दो से तीन बोरा यानी 120 किलो गेहूं का बीज मिल जाए तो एक एकड़ में एक तरह का गेहूं की पैदावार होगी इससे हमें बहुत राहत भी मिलेगी।