पटना: केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 एवं 18 जून 2026 को पटना जिले के सभी 23 प्रखंडों में दो दिवसीय प्रखंड सहयोग-सह-जन-कल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसकी तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सरकार के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह शिविर 16 जून को पंचायत एवं वार्ड स्तर पर आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों के अतिरिक्त होगा। दो दिवसीय शिविर में विभिन्न योजनाओं के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए जाएंगे, जहां पात्र लाभार्थियों के आवेदन, निबंधन, ई-केवाईसी, सत्यापन और लंबित मामलों का निष्पादन किया जाएगा।
इन योजनाओं का मिलेगा लाभ
- आयुष्मान भारत एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड
- सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं
- पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना
- प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)
- लखपति दीदी योजना
- पीएम स्वनिधि योजना
- किसान क्रेडिट कार्ड (KCC)
- पीएम किसान सम्मान निधि
- मुख्यमंत्री कन्या उत्थान एवं छात्रवृत्ति योजनाएं
- मुख्यमंत्री उद्यमी योजना
- मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना
- दिव्यांग कल्याण योजनाएं
- निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की योजनाएं
- मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना सहित अन्य योजनाएं
हेल्प डेस्क की होगी व्यवस्था
शिविर स्थलों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे, जहां प्रशिक्षित स्वयंसेवक एवं कर्मी लोगों को सही काउंटर तक पहुंचाने, आवेदन पत्र भरवाने तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में सहायता प्रदान करेंगे।
जरूरी दस्तावेज साथ लाएं
प्रशासन ने लाभार्थियों से आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक एवं संबंधित प्रमाण पत्र साथ लेकर आने की अपील की है ताकि आवेदन एवं लाभ वितरण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी की अपील
जिलाधिकारी ने आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में भाग लेकर सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक तंत्र लोगों की सहायता के लिए पूरी तरह सजग, तत्पर और प्रतिबद्ध है।