मालदा। पूर्व रेलवे मालदा रेल मंडल द्वारा रेलवे राजस्व की सुरक्षा एवं यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न रेलखंडों में लगातार गहन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में रविवार को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के नेतृत्व में भागलपुर–गोड्डा रेलखंड के गोड्डा खंड के कोईली खुटाहा हाल्ट, गोनू धाम हाल्ट, हाटपुरैनी हॉल्ट, टिकानी, मंदार हिल, गोड्डा समेत विभिन्न स्टेशनों पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी एवं रेलवे सुरक्षा बल के जवान भी मौजूद रहे।
इसके अलावा भागलपुर–जमालपुर तथा भागलपुर–साहिबगंज रेलखंडों में भी ट्रेनों एवं स्टेशनों पर समानांतर रूप से टिकट जांच अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए व्यापक जांच की गई।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार अभियान में कुल 527 टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा के मामले पकड़े गए, जिससे 3,10,945 का जुर्माना राजस्व प्राप्त हुआ।
मालदा मंडल ने कहा है कि भविष्य में भी रेलवे राजस्व की सुरक्षा तथा वास्तविक यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के अभियान जारी रहेंगे। यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले वैध टिकट खरीदने की अपील की गई है।